गिद्दी/हजारीबाग:
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) की आम्रपाली परियोजना में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर मंगलेश पाल की गिद्दी स्थित उनके क्वार्टर में घुसकर 2 नकाबपोश अपराधियों ने धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। शनिवार देर रात हुई। इस सनसनीखेज वारदात के दौरान अपराधियों ने उनकी पत्नी सोनाली को बंधक बना लिया। अपराधियों ने सोनाली के हाथ बांध दिए और मुंह पर टेप चिपका दिया, ताकि वह मदद के लिए शोर न मचा सकें। वारदात को अंजाम देने के बाद नकाबपोश 2 मोबाइल फोन और जेवरात लूटकर फरार हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।

आवास में बंधक बनाकर वारदात
मृतक की पत्नी सोनाली के अनुसार, घटना के समय दोनों पति-पत्नी क्वार्टर में बैठकर मोबाइल देख रहे थे। उसी दौरान अचानक 2 अज्ञात नकाबपोश बदमाश जबरन अंदर घुस आए। बदमाशों ने तुरंत दंपति को पकड़ लिया और महिला के हाथ बांधकर मुंह पर टेप चिपका दिया। इसके बाद हमलावरों ने मंगलेश पाल पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी। चीख-पुकार न हो सके, इसके लिए अपराधियों ने महिला को पूरी तरह से विवश कर दिया था। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ क्वार्टर के बाहर जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की पड़ताल शुरू कर दी।

खेल के दौरान पैर हुआ था फ्रैक्चर
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार मंगलेश पाल सीसीएल की आम्रपाली परियोजना में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर तैनात थे। कुछ दिन पहले ही वॉलीबॉल खेलने के दौरान उनका एक पैर फ्रैक्चर हो गया था। इस वजह से वह अपने आवास पर ही मौजूद थे। उनकी पत्नी सोनाली अपने मायके गया जी गई हुई थीं और घटना से महज 2 दिन पहले ही गिद्दी वापस लौटी थीं। पत्नी के मायके से लौटने के तुरंत बाद घटी इस खौफनाक वारदात से कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस अचानक हुए हमले से स्थानीय निवासी और सहकर्मी भी हैरान हैं।