द फॉलोअप डेस्क
CBSE ने कक्षा 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है. इस बार भी लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों से बेहतर नतीजे हासिल किए हैं. बोर्ड के अनुसार, 12वीं में कुल 85.20 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं. वहीं लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86 फीसदी रहा, जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 82.13 फीसदी दर्ज किया गया. यानी लड़कियों ने लड़कों की तुलना में 6.73 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया है. सीबीएसई के जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस साल का रिजल्ट पिछले कुछ वर्षों की तुलना में थोड़ा उतार-चढ़ाव वाला रहा है. पिछले पांच सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2025 में 88.39%, 2024 में 87.98%, 2023 में 87.33%, 2022 में 92.71% और 2021 में 99.37% छात्र पास हुए थे.
यहां चेक करें रिजल्ट
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र अब अपना स्कोर और डिजिटल मार्कशीट CBSE की आधिकारिक वेबसाइट और CBSE Results पोर्टल पर जाकर चेक कर सकते हैं. भारी ट्रैफिक के चलते वेबसाइट धीमी होने या क्रैश होने की स्थिति में छात्र DigiLocker और UMANG ऐप के जरिए भी अपना रिजल्ट और मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं. सीबीएसई ने स्कूलों को छात्रों के लिए 6 अंकों का सिक्योरिटी पिन जारी करने के निर्देश दिए हैं. इसी पिन की मदद से छात्र अपनी डिजिटल मार्कशीट और माइग्रेशन सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकेंगे. बोर्ड के अनुसार, परीक्षा में पास होने के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य है.
CBSE नहीं जारी करता टॉपर्स सूची
रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को अपना रोल नंबर, स्कूल कोड और एडमिट कार्ड आईडी तैयार रखनी होगी. छात्र सबसे पहले रिजल्ट वेबसाइट पर जाएं, वहां CBSE Class 12 Result 2026 लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद जरूरी जानकारी भरकर सबमिट करते ही स्क्रीन पर मार्कशीट दिखाई देगी. गौरतलब है कि सीबीएसई अब 12वीं परीक्षा के लिए आधिकारिक टॉपर्स लिस्ट जारी नहीं करता है. कोरोना महामारी के बाद बोर्ड ने टॉपर्स सूची प्रकाशित करना बंद कर दिया था और यह व्यवस्था अब भी जारी है.
.jpeg)