द फॉलोअप डेस्क
पूर्व मंत्री भाजपा नेता कमलेश सिंह के संगठन ने जातिगत आरक्षण समाप्त करने की मांग की है। कमलेश सिंह अखिल क्षत्रिय महासभा झारखंड के मुख्य संरक्षक हैं। संगठन के पुनर्गठन के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर ने जोर देते हुए कहा कि जातिगत आरक्षण हर हाल में समाप्त होना चाहिए। इसकी जगह पर आर्थिक आरक्षण लागू किया जाना चाहिए। तंवर ने कहा कि जातिगत आरक्षण से जरूरतमंदों की जगह क्रीमी लेयर वालों को फायदा मिल रहा है।
दरअसल, आज अखिल क्षत्रिय महासभा झारखंड प्रदेश कमेटी का पुनर्गठन किया गया। इसमें एक बार फिर से कमलेश सिंह को मुख्य संरक्षक बनाया गया। संगठन ने अपनी कई मांगें भी रखीं। इसमें स्वर्ण आयोग का गठन करना, क्षत्रिय राजपूत आयोग बनाना भी शामिल था।
प्रदेश कमेटी के पुनर्गठन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर उपस्थित थे। उन्होंने सभी नवनियुक्त सदस्यों को नियुक्ति पत्र सौंपा। अखिल क्षत्रिय महासभा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर एक बार फिर से विनय कुमार सिंह को चुना गया। संगठन ने सरकार से कई मांगे भी कीं, जैसे स्वर्ण आयोग का गठन करना, क्षत्रिय राजपूत आयोग बनाना, जातीय आरक्षण को खत्म कर आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आरक्षण देना।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि जातीय आरक्षण का फायदा उन क्रीमी लेयर के लोगों को भी मिल रहा है, जिन्हें इसकी जरूरत नहीं है। वहीं, झारखंड प्रदेश संगठन के मुख्य संरक्षक पूर्व मंत्री कमलेश सिंह ने भी इस मांग को लेकर अपनी हामी भरी। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे युवा बेरोजगार हो रहे हैं, लोगों को नौकरी नहीं मिल रही है, ऐसे में सभी को आर्थिक रूप से आरक्षण मिलना जरूरी है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने भी मांग को लेकर कहा कि झारखंड में ही नहीं, पूरे हिंदुस्तान में आर्थिक आरक्षण को लागू करवा कर ही रहेंगे।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ए.के. सिंह ने भी कई मांगों को लेकर अपनी बातें रखीं। उन्होंने झारखंड सरकार से मांग की कि झारखंड में एक स्वर्ण आयोग का गठन होना चाहिए और केंद्र में भी एक क्षत्रिय राजपूत आयोग बनना चाहिए।
