द फॉलोअप डेस्क
गृह रक्षक वाहिनी गिरिडीह के तहत तिसरी प्रखंड में फर्जी बहाली का मामला प्रकाश में आया है। तिसरी प्रखंड के अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि गांवा, देवरी और जमुआ प्रखंड के कई अभ्यर्थियों ने फर्जी जाति प्रमाण पत्र और स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र बनाकर तिसरी प्रखंड के नाम पर आवेदन किया है।
इस संबंध में तिसरी प्रखंड के कई अभ्यर्थियों ने गिरिडीह उपायुक्त (डीसी) को एक लिखित पत्र सौंपा है। उन्होंने कहा है कि विज्ञापन संख्या 01/2023 के अंतर्गत तिसरी प्रखंड में होने वाली बहाली में बाहरी प्रखंड के अभ्यर्थी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर न केवल आवेदन कर रहे हैं, बल्कि शारीरिक दक्षता परीक्षा और लिखित परीक्षा में भी शामिल हो रहे हैं। इससे तिसरी प्रखंड के वास्तविक और पात्र अभ्यर्थियों के अधिकारों का हनन हो रहा है और वे बहाली से वंचित हो सकते हैं।
अभ्यर्थियों ने डीसी से मांग की है कि वे तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप करें और दूसरे प्रखंडों से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के सभी दस्तावेजों की गहन जांच कराएं। यदि कोई फर्जीवाड़ा पाया जाता है तो ऐसे सभी आवेदनों को रद्द करते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
