logo

साइबर क्राइम के खिलाफ गिरिडीह में अभियान जारी, पकड़े गये 13 क्रिमिनल्स; लाखों की ये चीजें बरामद   

GIRIDIH_CRME.jpeg

गिरिडीह 


गिरिडीह में साइबर क्राइम के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। इस कड़ी में पुलिस ने 13 साइबर अपराधियों को एक साथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से सवा लाख रुपये नगद, 28 मोबाइल फोन, 44 सिम कार्ड, 8 एटीएम कार्ड, कुछ पासबुक, लग्जरी कार और दो बाइक बरामद किये गये हैं। इसकी जानकारी गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ये लोग लोगों को कई तरह से ठगते थे। ये लोग बैंक अधिकारी बनकर, गर्भवती महिलाओं को सरकार की मातृत्व योजना का लाभ दिलाने के नाम पर, गूगल का अधिकारी बनकर और फर्जी कुरियर सर्विस का झांसा देकर लोगों को ठगते थे। 

गिरफ्तार अपराधियों के नाम 

पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि सभी 13 अपराधी गांडेय और अहिल्यापुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। इन दोनों ही स्थानों से पहले भी साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी होती रही है। इससे पता चलता है कि दोनों इलाकों को साइबर अपराधियों ने इन दिनों अपना ठिकाना बना रखा है। गिरफ्तार अपराधियों में जमजोरी का सरफुद्दीन, नारायणपुर का विकास मंडल, लटाई का विकास, देवपुर के सुनील रवानी, मुकेश वर्मा, चम्पापुर का इरफान अंसारी, दानिश, तनवीर, चम्पापुर के ही सएद अंसारी, अहमद, अबुल हसन, असनबोनी का मनोज मंडल और मरगोमुंडा का सोएब अख्तर के नाम हैं। 

साइबर अपराधियों को पुलिस की चेतावनी 

पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा ने जिले के साइबर अपराधियों को चेतावनी दी है। कहा है कि या तो अपराधी पुलिस के समक्ष सरेंडर या फिर जेल जाने के लिए तैयार रहें। बताया कि पुलिस ने जिले से साइबर अपराध को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए अभियान चला रखा है। इस मामले में किसी तरह की कोताही न बरती जा रही है न बर्दाश्त की जायेगी। छापामारी अभियान में डीएसपी संदीप समदर्शी, साइबर थाना प्रभारी अजय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रोशन कुमार और पुलिस के अन्य जवान शामिल थे।