logo

गोड्डा के बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड में शामिल बंटी यादव ने किया आत्मसमर्पण

godda_jewelry.jpg

गोड्डा:

गोड्डा के बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड में संलिप्त आरोपी बंटी यादव ने जमुई सेशन कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। बताया जाता है कि गोड्डा पुलिस की लगातार कार्रवाई और बढ़ते दबाव की वजह से बंटी यादव सरेंडर करने को मजबूर हो गया। कहा जा रहा है कि पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए बंटी यादव ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया है। बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड के बाद पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। लगातार छापेमारी की जा रही थी। कहा जा रहा है कि आरोपी बंटी यादव के लिए लंबे समय तक खुद को छिपाए रखना मुश्किल हो रहा था। इसी दबाव में उसने सरेंडर करने का फैसला किया। 

सूत्र बताते हैं कि पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है, ताकि घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सके। 

8 जुलाई को गोड्डा में हुआ था लूटकांड
गौरतलब है कि 8 जुलाई की शाम को गोड्डा के कारगिल चौक स्थित बंगाल ज्वेलर्स में 3 हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोला था। अपराधियों ने हथियार के दम पर बंगाल ज्वेलर्स से करीब 328 ग्राम सोने की ज्वेलरी, जिसकी कीमत करीब 41.95 लाख रुपये और 6 लाख रुपये नकदी लूट ली थी। मामले में एसआईटी का गठन किया गया था, जिसने छापेमारी कर 13 जुलाई को 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। एक आरोपी फरार था, जिसने जमुई कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। उसे रिमांड पर लेने की तैयारी है। 
 

Tags - Jharkhand NewsGodda Bengal Jewelers RobberyRobberyGodda Loot