द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के बलगो निवासी राजकुमार तुरी के बेटे एवं बेटी को गुरुवार रात करैत सांप ने काट लिया। आनन-फानन में परिजनों ने दोनों को सदर अस्पताल ले गए, जहां एक घंटे के बाद बेटे वीरेंद्र कुमार (13) की मौत हो गई, वहीं बेटी शीतल कुमारी (16) की मौत शुक्रवार सुबह हो गई।
जानकारी देते हुए बलगो मुखिया प्रतिनिधि दीपक दास ने बताया कि गुरुवार रात को खाना खाने के बाद सभी सो रहे थे। दोनों बेटे-बेटी एक ही चौकी पर सो रहे थे, तभी सांप बिस्तर पर रेंगते हुए चढ़ गया और दोनों को काट लिया। बताया गया कि मृतक के पिता शहर में मजदूरी करते हैं। उन्हें एक बेटी एवं दो बेटे थे। घटना से पूरे गांव में शोक है एवं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही उप प्रमुख शेखर सुमन सदर अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह परिवार के लिए मर्माहत करने वाली घटना है। सरकार की ओर से मिलने वाली मदद परिवार को दिलाने का भरोसा दिया।
