logo

रांची में ब्रेस्ट कैंसर टुडे सम्मलेन 17-18 अप्रैल को, जागरूकता और आधुनिक उपचार पर होगा मंथन

cancer_nn.jpg

रांची
रांची में स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर संवाद को सशक्त करने के उद्देश्य से ब्रेस्ट कैंसर टुडे नामक दो दिवसीय शैक्षणिक सम्मेलन का आयोजन 17 और 18 अप्रैल 2026 को किया जाएगा. यह सम्मेलन रिम्स और होटल सेलिब्रेशन इन में आयोजित होगा. कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. नम्रता महांसारिया करेंगी. यह आयोजन एसोसिएशन ऑफ ब्रेस्ट सर्जन्स ऑफ इंडिया, एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया के झारखंड चैप्टर और रिम्स के सर्जरी विभाग के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है. सम्मेलन में झारखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख ऑन्कोलॉजिस्ट, सर्जन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, चिकित्सक और शोधकर्ता भाग लेंगे. 
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ व्याख्यान, पैनल चर्चा और विभिन्न अकादमिक सत्र आयोजित किए जाएंगे. इन सत्रों में स्तन कैंसर की समय पर पहचान, उन्नत उपचार पद्धतियों और समग्र रोगी देखभाल पर विशेष जोर दिया जाएगा. इस सम्मेलन की मुख्य अतिथि कल्पना सोरेन होंगी, जिनकी उपस्थिति से समाज में जागरूकता और सहभागिता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
सम्मेलन के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. सतीश शर्मा (मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट) और ऑर्गेनाइजिंग ट्रेजरर डॉ. सतवीर सिंह (सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट) हैं. दोनों ने आज आयोजित प्रेस वार्ता में मीडिया को सम्मेलन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं. इस अवसर पर डॉ. नम्रता महांसारिया ने कहा कि स्तन कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए जागरूकता, समय पर जांच और बहु-विषयक सहयोग को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए ज्ञान, अनुभव और नवाचारों के आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा. सम्मेलन में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य पेशेवरों के भाग लेने की संभावना जताई जा रही है, जिससे यह आयोजन क्षेत्र में कैंसर जागरूकता और उपचार के क्षेत्र में एक अहम पहल के रूप में उभरेगा.

 

Tags - breast cancer today conference ranchi breast cancer awareness india rims ranchi conference 2026 breast cancer seminar april 2026 oncology conference jharkhand breast cancer treatment awareness medical conference ranchi 2026