logo

पोटका में ब्रेन मलेरिया से छात्रा की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, कई गांवों में विशेष जांच अभियान

WhatsApp_Image_2026-06-26_at_6_41_48_PM.jpeg

पूर्वी सिंहभूम

पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया से एक छात्रा की मौत हो गयी है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। घटना के बाद गांव और स्कूल में जांच अभियान तेज कर दिया गया है। प्रभावित गांव में चलाये गये विशेष स्वास्थ्य शिविर के दौरान 34 लोगों की जांच में एक मलेरिया मरीज की पुष्टि हुई है। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने मामले में संज्ञान लेते हुए पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच और प्रभावित क्षेत्र में मलेरिया नियंत्रण के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिये हैं।उनके आदेश पर गठित विशेष स्वास्थ्य टीम ने शुक्रवार को छात्रा के गांव और पीएम श्री कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पोटका में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया। शिविर में मलेरिया के लक्षण वाले 34 लोगों की जांच की गयी, जिनमें एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया। मरीज को तत्काल दवा उपलब्ध कराकर उपचार शुरू कर दिया गया है।

मलेरिया और डेंगू के खतरे को गंभीरता से लिया जाए

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय परिसर का भी निरीक्षण किया और वार्डन रूमा हलधर के साथ बैठक कर छात्राओं के स्वास्थ्य, परिसर की साफ-सफाई तथा मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के उपायों की समीक्षा की। टीम ने विद्यालय प्रबंधन को नियमित स्वास्थ्य निगरानी और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिये। दूसरी ओर जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धावड़िया ने आपात बैठक बुलाकर प्रभावित क्षेत्र में जांच, उपचार और इंडोर रेजिडुअल स्प्रे (आईआरएस) अभियान को और तेज करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए मलेरिया और डेंगू के खतरे को गंभीरता से लिया जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित जांच, साफ-सफाई और जनजागरूकता अभियान चलाया जाये।

निदान क्लिनिक को कारण बताओ नोटिस जारी

बैठक में जिला कुष्ठ परामर्शी, पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और संदिग्ध मरीजों की तत्काल जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने स्पष्ट कहा है कि छात्रा की मौत के मामले में यदि किसी स्तर पर लापरवाही पायी जाती है तो संबंधित व्यक्ति या संस्थान के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी। इसी क्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनी महाकुड़ ने संबंधित निजी निदान क्लिनिक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। क्लिनिक से दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी।

Tags - Brain Malaria Student Death Health Department Alert Malaria Screening Camp Public Health