द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग के दारू थाना क्षेत्र के झुमरा-मेढ़कुरी मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 ग्रामीणों की मौत हो गयी। ये हादसा उस समय हुआ जब तीनों ग्रामीण अपने मवेशियों के साथ सड़क किनारे जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान अमली गांव के बासुदेव यादव (60), घाघरा गांव के रामसेवक मेहता (50) और तुलसी मेहता के रूप में की गयी है। ग्रामीणों के अनुसार, तीनों झुमरा की ओर अपने मवेशियों को ले जा रहे थे। सेवाने नदी के पास बोलेरो की टक्कर इतनी तेज थी कि रामसेवक और तुलसी की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं बासुदेव को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी भी जान चली गयी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और नाराजगी जताई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग भेज दिया। दारू थाना प्रभारी सफीक खान ने बताया कि हादसे में 3 लोगों की मौत हुई है। बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया गया है, लेकिन चालक फरार है। उसकी तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
