logo

बोकारो में महिलाओं की आर्थिक आजादी की नई उड़ान, 15 समूहों को मिले मुफ्त उपकरण

बोकारो में महिलाओं की आर्थिक आजादी की नई उड़ान, 15 समूहों को मिले मुफ्त उपकरण

बोकारो : 
बोकारो आत्मनिर्भर बोकारो और बेहतर झारखंड बनाने की दिशा में बेहतर झारखंड के संस्थापक विवेक सिंह ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इसके तहत एक हजार महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी अभियान के तहत रविवार को 15 महिला समूहों को निःशुल्क उपकरण और उपस्कर उपलब्ध कराए गए। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

15 महिला समूहों को मिले सिलाई मशीन और अन्य उपकरण
अभियान के तहत महिला समूहों को सैनिटरी पैड, आटा चक्की, बांस से बने उपकरण और अन्य उपस्कर के साथ सिलाई मशीन उपलब्ध कराई गई। आयोजकों के अनुसार, इन संसाधनों की मदद से महिलाएं स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार शुरू कर सकेंगी। इससे उन्हें अपनी आय बढ़ाने और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

सरकारी योजना नहीं, जरूरतमंद परिवारों की मदद का दावा
बेहतर झारखंड के संस्थापक विवेक सिंह ने कहा कि यह पहल किसी सरकारी योजना के तहत नहीं की जा रही है, बल्कि जरूरतमंद और गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

अब तक 300 महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का दावा
विवेक सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक 300 महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा चुका है। वहीं, कुल एक हजार महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने का उद्देश्य उन्हें अपने स्तर पर काम शुरू करने का अवसर देना है, ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें और अपने परिवार की आय में योगदान दे सकें।

बोकारो की स्थानीय समस्याओं के समाधान पर भी जोर
विवेक सिंह ने कहा कि बोकारो को बेहतर बनाने की दिशा में जलापूर्ति व्यवस्था समेत अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए भी काम किया गया है। उन्होंने बताया कि लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्तरों पर पहल की जा रही है। महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

Tags - Bokaro News Women Empowerment Better Jharkhand Self Employment Vivek Singh