logo

टॉफी मांगने पर भांजे को थमा दी थी पिस्टल, गोली लगने से हुई थी मौत; आरोपी जेल गया 

टॉफी मांगने पर भांजे को थमा दी थी पिस्टल, गोली लगने से हुई थी मौत; आरोपी जेल गया 

बोकारो
माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट स्थित रांची मोहल्ले में साढ़े तीन साल के मासूम की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल और मैगजीन बरामद कर ली है। मुख्य आरोपी राजेश कुमार (20) से 48 घंटे की पुलिस रिमांड पर पूछताछ के बाद मंगलवार को उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अवैध हथियार रखने और घटना में अपनी संलिप्तता की बात स्वीकार की है। मंगलवार को माराफारी थाना में मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार और इंस्पेक्टर संजय कुमार ने संयुक्त रूप से मामले की जानकारी दी।

48 घंटे की रिमांड पर लेकर पूछताछ

मुख्यालय डीएसपी ने बताया कि घटना के बाद मृतक की मां के आवेदन पर माराफारी थाना में कांड संख्या 83/2026, दिनांक 17 अक्टूबर, के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआइटी) गठित की गई थी। पुलिस के मुताबिक, राजेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसके बाद उसने 23 अक्टूबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने उसे 48 घंटे की रिमांड पर लेकर पूछताछ की। इस दौरान उसकी निशानदेही पर एक पिस्टल, पांच कारतूस से भरी एक मैगजीन और एक खाली मैगजीन बरामद की गई।

साढ़े तीन साल के भांजे ने उससे टॉफी मांगी
पुलिस के अनुसार, घटना 17 अक्टूबर की है। राजेश कुमार अपनी बहन के घर गया था। इसी दौरान उसके साढ़े तीन साल के भांजे ने उससे टॉफी मांगी। आरोप है कि राजेश ने बच्चे को टॉफी देने के बजाय गोली भरी अवैध पिस्टल पकड़ा दी। खेलते समय बच्चे ने कथित तौर पर पिस्टल का ट्रिगर दबा दिया, जिससे गोली चल गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था। मृतक की मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। पुलिस रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, छापेमारी दल में इंस्पेक्टर संजय कुमार, पुअनि मुकेश कुमार, पुअनि सत्येंद्र पासवान, सअनि उमेश कुमार सिंह, सअनि रमेश हांसदा, सअनि अरविंद प्रसाद यादव, हवलदार कमेश प्रसाद यादव तथा आरक्षी इलियास अंसारी, अबोध कुमार, सुरेंद्र मुर्मू, बासुदेव बाउरी और कामेश्वर महतो शामिल थे।

Tags - Bokaro Crime Pistol Death Arrest