बोकारो
उत्तराखंड के टिहरी जिले के देवप्रयाग (Devprayag) में रविवार दोपहर भागीरथी और अलकनंदा के संगम पर स्नान के दौरान बोकारो के दो युवक नदी की तेज धारा में बह गए। लापता (Missing) युवकों की पहचान बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-9 निवासी आशुतोष (24), पिता अजय और आयुष (24), पिता गोपाल के रूप में हुई है। दोनों झारखंड से पहुंचे एक दल के साथ देवप्रयाग गए थे। पुलिस (Police) के अनुसार, रविवार दोपहर दोनों युवक अपने साथियों के साथ संगम तट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वे नदी में सुरक्षा के लिए लगाए गए सुरक्षा घेरे से आगे चले गए। जल पुलिस (Water Police) के जवानों ने उन्हें आगे नहीं जाने की चेतावनी भी दी थी। इसी दौरान दोनों तेज बहाव (Strong Current) की चपेट में आ गए और कुछ दूरी तक दिखाई देने के बाद नजरों से ओझल हो गए।

दोनों युवकों की तलाश शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने नदी में सर्च अभियान शुरू कर संभावित स्थानों पर दोनों युवकों की तलाश शुरू की। रविवार देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका था। हादसे की सूचना बोकारो में परिजनों को मिलने के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। परिजन युवकों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। बचाव दल की ओर से नदी में लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है।
