बोकारो:
बोकारो में गणेश पूजा जुलूस के दौरान हथियार लेकर पहुंचने के मामले में बोकारो पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगल पासवान और शिवम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई नगर डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को सूचना मिली थी कि कुछ युवक हथियार के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान मंगल पासवान के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल, जबकि शिवम कुमार के पास से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
.jpeg)
वर्चस्व दिखाने के उद्देश्य से हथियार लाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर गणेश पूजा जुलूस के दौरान अपना वर्चस्व दिखाने के उद्देश्य से हथियार लेकर आने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है।
दोनों आरोपी बोकारो के रहने वाले
गिरफ्तार मंगल पासवान दुंदीबाग माड़ी पट्टी, जबकि शिवम कुमार सेक्टर-1 आयर खटाल का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हथियार सप्लाई करने वालों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार और कारतूस आरोपियों तक कैसे पहुंचे। इसके अलावा, मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने देसी पिस्टल और कारतूस जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
इस कार्रवाई में सिटी थाना प्रभारी ममता कुमारी समेत पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।