द फॉलोअप डेस्क
बोकारो की दामोदर नदी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नहाने गए तीन छात्रों में से दो छात्र गहरे पानी में डूब गए। घटना बरवाघाट की बताई जा रही है। हादसे में एक छात्र विष्णु कांत का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे छात्र सन्नी की तलाश अब भी जारी है। घटना के बाद नदी घाट पर स्थानीय लोगों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार एलएच आजाद नगर निवासी सन्नी, विष्णु और रवि मंगलवार सुबह स्कूटी से बरवाघाट पहुंचे थे। तीनों छात्र मिड पॉइंट पब्लिक स्कूल के बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, छात्र घर से ट्यूशन पढ़ने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वे दामोदर नदी में नहाने चले गए।

एक छात्र को बचाया गया, दो डूबे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी में नहाने के दौरान अचानक तीनों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी की ओर बहने लगे। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने रवि को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन विष्णु और सन्नी नदी में डूब गए। शोर सुनकर स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद विष्णु को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही हरला थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने विष्णु कांत के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जबकि लापता छात्र सन्नी की तलाश के लिए लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।