logo

बोकारो स्टील प्लांट में काम के दौरान ठेका कर्मी की मौत, मुआवजा और नौकरी की मांग पर प्रदर्शन

ूपाको.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बोकारो स्टील प्लांट के भीतर संचालित बोकारो पावर सप्लाई कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (बीपीएससीएल) के कोल हैंडलिंग प्लांट में काम के दौरान एक ठेका कर्मी की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजन और साथी मजदूर बोकारो जनरल हॉस्पिटल (बीजीएच) पहुंच गए और मुआवजा तथा आश्रित को नौकरी देने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कुछ देर तक अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार दुग्धा निवासी शिव शंकर हेंब्रम बीपीएससीएल के कोल हैंडलिंग प्लांट में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत थे। बुधवार रात ड्यूटी के दौरान अचानक हादसा हो गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए बोकारो जनरल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

औद्योगिक दुर्घटना का मामला, पुलिस की नजर है कानून व्यवस्था पर

साथी मजदूरों का आरोप है कि पाइपलाइन से जुड़े कार्य के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से यह हादसा हुआ। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और सहकर्मी अस्पताल पहुंच गए और न्याय की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर फैक्ट्री इंस्पेक्टर शिवानंद लगुरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने कहा कि यह औद्योगिक दुर्घटना का मामला है, फिर भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है।


मुआवजा और नौकरी की मांग पर अड़े परिजन
मृतक के परिजन आश्रित को नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। फैक्ट्री विभाग और संबंधित प्रबंधन की ओर से मामले की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल परिजन और मजदूर संगठन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

 

Tags - Bokaro IndustrialAccident BPSCL WorkerDeath Jharkhand