logo

बोकारो में भरभराकर गिर पड़ा क्वार्टर का बड़ा हिस्सा, भीतर बैठे बुजुर्ग की...

bokaro_BSL.jpg

बोकारो:

बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-12 ई में शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब क्वार्टर संख्या 1283 से 1288 तक का एक हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। बिल्डिंग गिरने की तेज आवाज से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त एक बुजुर्ग व्यक्ति क्वार्टर के अंदर मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की सूचना नहीं है।

हाल ही में इसकी मरम्मत कराई गई थी

स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस क्वार्टर का हिस्सा गिरा है, वह कथित तौर पर डैमेज लिस्ट में शामिल नहीं था। लोगों का कहना है कि क्वार्टर की स्थिति भी ठीक थी और हाल ही में इसकी मरम्मत कराई गई थी। ऐसे में अचानक क्वार्टर का हिस्सा ढह जाने से लोग हैरान हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने बोकारो स्टील प्लांट के पुराने आवासीय क्वार्टरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह घटना दिन के किसी व्यस्त समय में होती और क्वार्टर के आसपास अधिक लोग मौजूद रहते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

BSL अधिकारियों का स्थानीय लोगों ने किया विरोध 

घटना की सूचना मिलने के बाद BSL के संबंधित अधिकारी और टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान वहां मौजूद स्थानीय लोगों और अधिकारियों के बीच नोकझोंक हो गई। स्थानीय लोग अधिकारियों का विरोध करते हुए क्वार्टरों की स्थिति और मरम्मत कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाते रहे। लोगों ने मांग की कि पूरे इलाके के पुराने क्वार्टरों की तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही हाल में कराए गए मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की भी जांच कराने की मांग उठाई गई।

Tags - Bokaro Steel City Building Collapse BSL Quarter