द फॉलोअप डेस्क
सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के कूलिंग प्वाइंट में शुक्रवार सुबह करीब 20 साल के लड़के का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सेक्टर-9 निवासी रोशन कालिंदी के रूप में हुई है। रोशन सेक्टर-9 के क्वार्टर नंबर 134, स्ट्रीट नंबर 11 में परिवार के साथ रहता था और सिटी कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई कर रहा था। सेक्टर-4 थाना के एसआई एमए हक के मुताबिक, शुक्रवार सुबह पुलिस टीम इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान कूलिंग प्वाइंट के पास एक व्यक्ति का सिर दिखाई दिया। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो वहां युवक का शव पड़ा मिला, जिसकी बाद में पहचान रोशन कालिंदी के रूप में हुई।

शुक्रवार सुबह मिला रौशन का शव
परिजनों के अनुसार, रोशन गुरुवार शाम करीब सात बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार सुबह कूलिंग प्वाइंट में शव मिलने की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। परिवार के मुताबिक, रोशन पिछले कुछ दिनों से कुछ गुमसुम रह रहा था, लेकिन उसके इस व्यवहार की वजह क्या थी, इसकी जानकारी परिजनों को भी नहीं थी।

क्या ये मामला आत्महत्या का है?
वहीं, पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।