बोकारो
बोकारो जिले के चंदनक्यारी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने पावर सबस्टेशन में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। 10 से 12 नकाबपोश बदमाश पिस्तौल के बल पर सबस्टेशन में घुसे और वहां तैनात कर्मियों को बंधक बना लिया। अपराधियों ने कर्मियों के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद सबस्टेशन में रखे लाखों रुपये के विद्युत उपकरण लेकर मौके से फरार हो गए।
पूजा के लिए फूल तोड़ने पहुंचे कर्मचारी ने खोला मामला
सहायक विद्युत अभियंता नरेंद्र मिंज ने बताया कि सुबह एक कर्मचारी पूजा के लिए फूल तोड़ने पहुंचा तो सबस्टेशन का मुख्य गेट खुला मिला। आवाज लगाने पर कमरे के अंदर से जवाब आया। दरवाजा खोलने पर कर्मी बंधे हुए मिले, जिसके बाद घटना की सूचना तत्काल चंदनक्यारी थाना पुलिस को दी गई। प्रारंभिक जांच में करीब 32 लाख रुपये मूल्य के विद्युत उपकरणों की चोरी का अनुमान लगाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।