logo

बोकारो में ब्राउन शुगर तस्करी का आरोपी गिरफ्तार, दो पुड़िया नशीला पदार्थ और नकदी बरामद

WhatsApp_Image_2026-08-03_at_1_07_27_PM.jpeg

बोकारो 
बोकारो में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार के नेतृत्व में माराफारी थाना पुलिस ने रविवार देर रात सिवनडीह के डमरो क्षेत्र में छापेमारी कर गनी अंसारी को पकड़ा। पुलिस ने उसके पास से दो पुड़िया ब्राउन शुगर और 8,450 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में जुटी पुलिस, नेटवर्क खंगालने की तैयारी
पुलिस के अनुसार, बोकारो एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि डमरो क्षेत्र में एक व्यक्ति घूम-घूमकर ब्राउन शुगर की पुड़िया बेच रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर कथित सप्लाई चेन और नेटवर्क की जांच भी शुरू कर दी गई है।
नशे के कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई का दावा
डीएसपी ने कहा कि नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाकर इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। माराफारी थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री या कोई संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Tags - Bokaro News Jharkhand Crime Brown Sugar Case Police Action Drug Smuggling