बोकारो
बोकारो जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय आरती हेम्ब्रम की हत्या के मामले का बोकारो पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है, पुलिस ने मामले में मृतका के प्रेमी मनोज मरांडी, उसके पिता नाजीर मरांडी और मां सरस्वती देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, 5 अगस्त को बनचास टोला चट्टीगोड़ा जंगल के समीप एक पेड़ से गमछे के सहारे युवती का शव लटका हुआ मिला था। घटना के बाद मृतका की मां बादिनी बूढ़ी देवी के आवेदन पर जरीडीह थाना में कांड संख्या 133/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। बोकारो पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले सबूतों और अन्य तथ्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

आरती हेम्ब्रम की गला घोंटकर हत्या
पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने बताया कि मृतका और मनोज मरांडी के बीच करीब डेढ़ वर्ष से प्रेम संबंध था। शादी को लेकर विवाद होने पर 4 अगस्त की रात तीनों ने मिलकर कथित रूप से आरती हेम्ब्रम की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को पेड़ से गमछे के सहारे लटका दिया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन तथा घटना से जुड़े कपड़े भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को 6 अगस्त को तेनुघाट न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
