logo

बोकारो में 1 सप्ताह से लापता व्यक्ति का शव नाले से बरामद

bokaro_shav.jpg

बोकारो 

बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र अंतर्गत गर्री पंचायत में सोमवार की सुबह कब्रिस्तान के समीप नाले से एक सप्ताह से लापता व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान तेलमुंगा निवासी मगदीश घासी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ग्रामीणों ने कब्रिस्तान के समीप नाले में शव पड़ा देखा। इसके बाद इसकी सूचना कसमार थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार मगदीश घासी 16 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे घर से पैदल निकले थे।

मगदीश घासी कब्रिस्तान के समीप स्थित नाले तक कैसे पहुंचे

इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बताया गया कि मगदीश घासी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और उन्हें चलने-फिरने में भी परेशानी थी। शव मिलने के बाद पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि घर से निकलने के बाद मगदीश घासी कब्रिस्तान के समीप स्थित नाले तक कैसे पहुंचे। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ ही नाले के आसपास की क्षेत्र में भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Tags - Bokaro police body found in drain missing person case police investigation