logo

बोकारो : हॉस्टल में चोरी करने घुसे 3 युवक, संचालक समेत 3 पर चाकू से हमला; एक आरोपी पकड़ा गया, दो फरार

हॉस्टल में चोरी करने घुसे 3 युवक, संचालक समेत 3 पर चाकू से हमला; एक आरोपी पकड़ा गया, दो फरार

बोकारो:
बोकारो के चीराचास थाना क्षेत्र स्थित क्रिएटिव बॉयज हॉस्टल में रविवार रात चोरी करने पहुंचे तीन अज्ञात युवकों ने हॉस्टल संचालक समेत तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। चाकूबाजी में हॉस्टल संचालक रजत कुमार और दो स्टाफ घायल हो गए, जबकि वारदात के बाद एक आरोपी को लोगों ने पकड़ लिया और उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। रजत कुमार के कान के पास, बांह और जांघ में चाकू लगा है। गहरे घाव के कारण उन्हें रात में ही मेडिकेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने छोटी सर्जरी की सलाह दी है। घटना की सूचना मिलने के बाद चीराचास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सालाना मीटिंग के बाद हॉस्टल लौटे थे संचालक और स्टाफ
हॉस्टल मैनेजर कुलदीप कुमार सिंह के अनुसार, रविवार शाम पांडेपुर के पास उत्सव वाटिका में क्रिएटिव हॉस्टल की सालाना मीटिंग और काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें हॉस्टल के बच्चे, स्टाफ और संचालक रजत कुमार शामिल हुए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी बच्चे और स्टाफ हॉस्टल लौटे। हॉस्टल परिसर में पहुंचने के बाद उन्हें कुछ गड़बड़ी का अंदेशा हुआ। परिसर में लगे CCTV कैमरे का तार कटा हुआ था। इससे आशंका हुई कि कोई व्यक्ति हॉस्टल के अंदर घुसा है। इसके बाद जैसे ही हॉस्टल का गेट खोला गया, अंदर से तीन अज्ञात युवक बाहर निकलते दिखाई दिए। संचालक और स्टाफ ने शोर मचाते हुए उन्हें रोकने की कोशिश की।

रोकने पर युवकों ने निकाला चाकू, किया हमला
संचालक और स्टाफ द्वारा युवकों को रोकने की कोशिश करते ही तीनों ने चाकू निकाल लिया और हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में रजत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके कान के पास, बांह और जांघ में चाकू लगा। वहीं, दो स्टाफ को भी चोटें आईं। चाकूबाजी के बाद हॉस्टल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। रजत कुमार के भाई राहुल कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। इसी दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने भाग रहे तीन युवकों में से एक को पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने पकड़े गए युवक की पिटाई भी की। हालांकि, उसके दो साथी भागने में सफल रहे।

पुलिस ने शुरू की जांच, फरार आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलने पर चीराचास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने हॉस्टल संचालक, स्टाफ और मौके पर मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। पकड़े गए आरोपी से भी पूछताछ की जा रही है। वहीं, फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वारदात से जुड़े सुराग जुटाने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तीनों युवक हॉस्टल परिसर में किस रास्ते से दाखिल हुए थे और उनके पास चोरी करने के लिए क्या सामान था। फिलहाल पकड़े गए आरोपी से पूछताछ और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Tags - Bokaro News Hostel Knife Attack Chirachas Jharkhand Crime Rajat Kumar