द फॉलोअप डेस्क
बोकारो जिले के ललपनिया पंचायत अंतर्गत तिलैया गांव की निवासी सोनी कुमारी मंगलवार को गोमिया थाना क्षेत्र के ढेंढे गांव स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। समाचार लिखे जाने तक सोनी कुमारी टावर से नीचे नहीं उतरी थी। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी हुई है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए हैं।

प्रेमी की रिहाई की मांग पर अड़ी युवती
सोनी कुमारी का कहना है कि जब तक उसके प्रेमी को जेल से रिहा नहीं किया जाएगा, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगी। जानकारी के अनुसार मामले की शुरुआत चार दिन पहले हुई थी, जब ललपनिया थाना प्रभारी जय प्रकाश एक्का युवती को रांची से बरामद कर वापस लाए थे। इस मामले में संबंधित युवक फिलहाल जेल में बंद है। प्रेमी की गिरफ्तारी के विरोध में युवती ने यह कदम उठाया और मोबाइल टावर पर चढ़कर अपनी जान जोखिम में डाल दी।
.jpg)
सुरक्षा घेरा बनाकर हालात पर नजर रख रही पुलिस
पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार युवती को समझाकर नीचे उतारने की कोशिश कर रही है, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने टावर के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया है तथा हाई वोल्टेज बिजली लाइन से किसी तरह का खतरा न हो, इसके लिए भी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। अधिकारियों ने परिजनों और समाजसेवियों से सहयोग की अपील की है। वहीं पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।