logo

बोकारो : गवाई पुल पर पलटा गैस टैंकर, भीषण आग से NH-32 पर मचा हड़कंप

bokaro_tanker.jpg

बोकारो
झारखंड के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र स्थित गवाई पुल पर आज सुबह करीब 10 बजे एक 16 चक्का गैस टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया, जिसके तुरंत बाद उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुँच गईं। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने एनएच-32 (NH-32) पर दोनों ओर से यातायात पूरी तरह रोक दिया है। पुलिस ने गवाई पुल से आधा किलोमीटर पहले ही बैरिकेडिंग कर दी है, ताकि कोई भी वाहन या व्यक्ति आग की चपेट में न आए। इस घेराबंदी के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। 

प्रशासनिक मुस्तैदी: NH-32 पर आवाजाही रोकी गई
स्थानीय ग्रामीणों में इस बात का डर था कि यदि टैंकर में ब्लास्ट हुआ तो पुल के साथ-साथ आसपास के घर भी तबाह हो सकते हैं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि पलटने के बाद टैंकर से गैस तेजी से लीक होकर निकल गई, जिससे बड़े विस्फोट की संभावना कम हो गई है। दमकल की गाड़ियाँ लगातार आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई हैं। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे घटनास्थल के करीब न जाएं। अभी तक इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं। 
 

Tags - Bokaro Accident Jharkhand News Tanker Fire NH32 Traffic Breaking News