द फॉलोअप डेस्क, रांची:
JSSC-CGL परीक्षा में कथित धांधली और अनियमितता मामले में CID ने बोकारो के तात्कालीन जिला जनसंपर्क अधिकारी (DPRO) साकेत पांडेय और सहायक जनसंपर्क अधिकारी (APRO) अविनाश कुमार सिंह से पूछताछ की है। रांची स्थित अपराध अनुसंधान शाखा (CID) के दफ्तर में JSSC-CGL केस की जांच में जुटी एसआईटी ने साकेत पांडेय और अविनाश कुमार सिंह से पूछताछ की। इस संबंध में मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इनसे इस केस में जेल में बंद अक्षय तिवारी के संबंध में पूछताछ की गई है। दरअसल, अक्षय तिवारी के कॉल डिटेल में इन दोनों से बातचीत की जानकारी मिली है। 
अक्षय तिवारी के संबंध में की गई पूछताछ
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में धांधली का किंगपिन अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज तिवारी का भाई अक्षय तिवारी अतीत में जामताड़ा का सहायक जनसंपर्क अधिकारी रह चुका है। बताया जा रहा है कि सीआईडी को बोकारो के तात्कालीन जिला जनसंपर्क अधिकारी और सहायक जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि चूंकि, अक्षय तिवारी जामताड़ा जिला का APRO था, तो इसी नाते उससे बातचीत होती थी। दोनों अधिकारियों ने सीआईडी को आश्वस्त किया है कि उनका अक्षय तिवारी से इससे ज्यादा कोई संबंध नहीं है और वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
.jpeg)
अब तक 10 से ज्यादा आरोपी जेल भेजे गए
बताया जा रहा है कि JSSC-CGL केस में कई अन्य जिलों के DPRO और APRO से भी पूछताछ की जायेगी। गौरतलब है कि JSSC-CGL में कथित धांधली और अनियमितता मामले में अब तक सीआईडी की एसआईटी अबय कुमार तिवारी, उसके भाई अक्षय तिवारी, पत्नी सुषमा तिवारी और कई चयनित अभ्यर्थियों समेत 10 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। 100 से ज्यादा चयनित अभ्यर्थियों से पूछताछ हुई है।