logo

बोकारो में बारिश के दौरान गिरा जर्जर क्वार्टर का छज्जा, बाल-बाल बचे गृहस्वामी

बोकारो में बारिश के दौरान गिरा जर्जर क्वार्टर का छज्जा, बाल-बाल बचे गृहस्वामी

बोकारो: 
बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-12/E स्थित क्वार्टर नंबर 2050 में शुक्रवार की देर रात बारिश के दौरान तीसरी मंजिल का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। घटना के समय गृहस्वामी क्वार्टर के नीचे बने आउटहाउस के कमरे में सो रहे थे। छज्जा गिरने की तेज आवाज से उनकी नींद खुल गई और वह बाल-बाल बच गए। हादसे में उनके पैर में मामूली चोट आई है।

तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोग
घटना के समय गृहस्वामी घर में अकेले थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। छज्जा गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। गनीमत रही कि छज्जे का मलबा गिरने के दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

लंबे समय से जर्जर है क्वार्टर, मरम्मत नहीं होने का आरोप
गृहस्वामी के अनुसार, क्वार्टर की स्थिति लंबे समय से जर्जर है। उचित रखरखाव नहीं होने के कारण भवन के कई हिस्से कमजोर हो चुके हैं। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। उन्होंने कहा कि समय रहते जर्जर हिस्सों की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

सेक्टर-12 के पुराने क्वार्टरों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता
स्थानीय लोगों ने भी सेक्टर-12 के पुराने क्वार्टरों की स्थिति को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि कई आवासों के छज्जे और भवन के अन्य हिस्से कमजोर हो चुके हैं। बारिश के दौरान इनके गिरने का खतरा और बढ़ जाता है। ऐसे में जर्जर भवनों का समय रहते निरीक्षण और आवश्यक मरम्मत कराया जाना जरूरी है।

अगस्त में भी ढह चुका है आवासीय ब्लॉक का हिस्सा
सेक्टर-12 में जर्जर आवासों को लेकर पहले भी हादसे हो चुके हैं। अगस्त में सेक्टर-12/E के क्वार्टर नंबर 1290 समेत एक आवासीय ब्लॉक का हिस्सा अचानक ढह गया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे। साथ ही, बीएसएल क्षेत्र में क्षतिग्रस्त और जर्जर भवनों को चिह्नित करने को कहा गया था।

24 सितंबर को बीएसएल ने जारी किया कार्यालय आदेश
इधर, सेक्टर-12 के संरचनात्मक रूप से क्षतिग्रस्त क्वार्टरों में रहने वाले कर्मचारियों को वैकल्पिक आवास में शिफ्ट करने के लिए बीएसएल प्रबंधन ने 24 सितंबर को कार्यालय आदेश जारी किया है। प्रबंधन ने शिफ्टिंग के लिए विशेष सुविधाएं देने के साथ नए आवास में जरूरी कार्यों के लिए अधिकतम पांच हजार रुपये तक की प्रतिपूर्ति का प्रावधान भी किया है।

हादसे के बाद तत्काल निरीक्षण की मांग
नए हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बीएसएल प्रबंधन से सेक्टर-12 के पुराने और जर्जर क्वार्टरों का सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सिर्फ हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय कमजोर भवनों की पहले से पहचान कर जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे की स्थिति पैदा न हो।
 

Tags - Bokaro News Sector 12 Quarter Chajja Collapse BSL Quarter Bokaro Rain