बोकारो
बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र के तेलीडीह NH-23 पर गुरुवार को कोयला लदे हाइवा की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीण एकजुट होकर मुआवजे समेत अन्य मांगों को लेकर सड़क जाम कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान कोयला लदे हाइवा की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने, हादसे की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर NH-23 जाम कर दिया जिससे आवागमन बाधित हो गया।

तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए
सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि NH-23 के आसपास कोयला परिवहन के दौरान लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन की ओर से दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि कोयला परिवहन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों की जान खतरे में है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मृतक के परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए और कोयला परिवहन करने वाले वाहनों की गति एवं सुरक्षा मानकों की निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए।
.jpeg)