बोकारो
बोकारो के जोधाडीह मोड़ पर आज ट्रैफिक जाम का फायदा उठाकर शातिर चोर ने एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल की डिक्की से साढ़े तीन लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़ित दिनेश चंद्र झा स्वामी सहजानंद महाविद्यालय के पास के निवासी चास गुरुद्वारा स्थित बैंक ऑफ इंडिया से पैसे निकालकर, बेटी की शादी के लिए लिया गया कर्ज लौटाने जा रहे थे। तभी चंदनकियारी रोड पर ट्रैफिक में फंसे होने के दौरान चोरों ने डिक्की साफ कर दी। 
बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे थे पीड़ित
चास के स्वामी सहजानंद महाविद्यालय के समीप रहने वाले दिनेश चंद्र झा ने आज चास गुरुद्वारा के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से 3,50,000 रुपए निकाले थे। पैसे निकालने के बाद उन्होंने रुपयों से भरा थैला अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में सुरक्षित रख दिया। झा जी यह रकम उस व्यक्ति को लौटाने जा रहे थे, जिससे उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए कर्ज लिया था। 
ट्रैफिक जाम का फायदा उठाकर उचक्कों ने मारी बाजी
पैसे लेकर दिनेश चंद्र झा जैसे ही चंदनकियारी रोड पर जाने के लिए आगे बढ़े, जोधाडीह मोड़ के पास ट्रैफिक जाम मिला। वे मोटरसाइकिल रोककर ट्रैफिक खुलने का इंतजार करने लगे। इसी बीच भीड़ और जाम का फायदा उठाकर किसी शातिर चोर ने चुपके से उनकी बाइक की डिक्की खोली और रुपयों से भरा थैला लेकर गायब हो गया। दिनेश जी को इस बात की भनक तक नहीं लगी। 
पीछे चल रहे लोगों ने दी जानकारी
घटना के कुछ देर बाद जब ट्रैफिक थोड़ा आगे बढ़ा, तब उनकी गाड़ी के पीछे चल रहे कुछ लोगों ने उन्हें टोकते हुए कहा कि आपकी गाड़ी के पीछे खड़े कुछ लड़कों ने डिक्की से कुछ निकाला है। जब दिनेश जी ने गाड़ी रोककर डिक्की चेक की, तो उनके होश उड़ गए; डिक्की से साढ़े तीन लाख रुपये गायब थे। पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जोधाडीह मोड़ व आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच कर रही है।