द फॉलोअप डेस्क:
बोकारो (Bokaro) जिले के हरला थाना क्षेत्र (Harla Police Station) में शनिवार अहले सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले 70 वर्षीय बुजुर्ग भरत सिंह (Bharat Singh) की हत्या कर दी गई। घटना सेक्टर-9 स्थित सरदार पटेल स्कूल के दक्षिण दिशा में हुई। पुलिस के अनुसार, नशा करने के लिए पैसे नहीं देने पर आरोपित ने बुजुर्ग पर पत्थर से हमला किया और मारपीट कर उनकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के करीब तीन घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

सुबह पांच बजे मॉर्निंग वॉक के दौरान वारदात
नगर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि भरत सिंह शनिवार सुबह करीब पांच बजे रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान कंबल ओढ़े एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और नशा करने के लिए पैसे मांगने लगा। बुजुर्ग ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपित ने उन पर पत्थर से हमला कर दिया। इसके बाद मारपीट कर उनकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही हरला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।

विशेष टीम ने तीन घंटे में आरोपित को किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए घटना के करीब तीन घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान पंकज साह उर्फ पंकज वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के पास से हत्या में कथित रूप से इस्तेमाल किया गया पत्थर, खून से सना शर्ट, मृतक का मोबाइल फोन, टूटा हुआ चश्मा और आरोपित का कंबल बरामद किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।