बोकारो
माराफारी थाना क्षेत्र के आजाद नगर में घर के बाहर खेल रही छह वर्षीय आराध्या उर्फ राधा अचानक लापता हो गई। कुछ देर पहले तक घर के सामने खेल रही मासूम अचानक ऐसे गायब हुई कि उसका कोई सुराग नहीं मिला। मासूम के गायब होने से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैसे हुई घटना?
मिली जानकारी के मुताबिक, राधा पड़ोस की एक अन्य बच्ची के साथ अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान दूसरी बच्ची की मां ने उसे आवाज देकर अंदर बुला लिया। वह बच्ची तो अपने घर चली गई, लेकिन राधा न तो अपने घर लौटी और न ही दोबारा कहीं नजर आई। महज कुछ ही मिनटों के भीतर बच्ची के इस तरह गायब होने से हर कोई हैरान है। परिजनों ने शुरुआत में काफी समय तक अपने स्तर पर गली-मोहल्ले और रिश्तेदारों के यहां राधा की तलाश की। जब उसका कहीं कोई पता नहीं चला, तो तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी और माराफारी थाना प्रभारी आजाद खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। 
तेजी से पुलिस जांच कर रही
पुलिस ने तत्काल पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस की टीमें आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और बच्ची को सुरक्षित बरामद करना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता है।