बोकारो
आत्मनिर्भर बोकारो और बेहतर झारखंड बनाने की दिशा में बेहतर झारखंड के संस्थापक विवेक सिंह ने पहल शुरू की है। इसके तहत एक हजार महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसी अभियान के तहत रविवार को 15 महिला समूहों को निःशुल्क उपकरण और उपस्कर उपलब्ध कराए गए। इस दौरान महिला समूहों को सैनिटरी पैड, आटा चक्की, बांस से बने उपकरण एवं अन्य उपस्कर के साथ सिलाई मशीन उपलब्ध कराई गई। आयोजकों के अनुसार, इन संसाधनों के माध्यम से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार शुरू करने और अपनी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
.jpeg)
लघु एवं कुटीर उद्योग को बढ़ावा देने का प्रयास
विवेक सिंह ने कहा कि यह किसी सरकारी योजना के तहत किया गया कार्य नहीं है, बल्कि जरूरतमंद और गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ लघु एवं कुटीर उद्योग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अब तक 300 महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा चुका है, जबकि कुल एक हजार महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए भी काम किया गया
विवेक सिंह ने कहा कि बोकारो को बेहतर बनाने की दिशा में जलापूर्ति व्यवस्था समेत अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए भी काम किया गया है। उन्होंने बताया कि लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्तरों पर पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने का उद्देश्य उन्हें अपने स्तर पर काम शुरू करने का अवसर देना है, ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें और अपने परिवार की आय में योगदान दे सकें।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें