जामताड़ा
पटना-हावड़ा मुख्य रेल लाइन पर स्थित रूपनारायणपुर रेलवे स्टेशन पर आज उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे ओवरब्रिज के नीचे ट्रैक के पास एक अज्ञात युवक लहूलुहान हालत में मिला. घटना की जानकारी सुबह करीब 11:30 बजे रेलवे सुरक्षा बल को मिली, जिसके बाद जवानों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया. RPF के जवानों ने करीब 40 वर्षीय घायल युवक को रेलवे ट्रैक के पास से रेस्क्यू कर इलाज के लिए चित्तरंजन स्थित कस्तूरबा गांधी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, युवक के सिर के बाई ओर गहरा जख्म था और अत्यधिक खून बह चुका था.
युवक का मोबाइल अनलॉक करने में जुटी पुलिस
फिलहाल युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक किसी चलती ट्रेन से गिरा था या यह आत्महत्या का मामला है. मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. तलाशी के दौरान युवक के पास से एक एंड्रॉयड स्मार्टफोन बरामद हुआ, लेकिन फोन लॉक होने के कारण उसके परिवार या निवास स्थान की जानकारी नहीं मिल पाई है. पुलिस फोन को अनलॉक करने की कोशिश कर रही है ताकि परिजनों से संपर्क किया जा सके.

शिनाख्त में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष है. उसके सिर पर घने बाल और चेहरे पर बढ़ी हुई दाढ़ी थी. उसने कत्थई रंग का ट्रैकसूट पहन रखा था, जिसके अंदर हरे रंग की फुल स्लीव टी-शर्ट थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के सभी थानों को सूचना दे दी गई है. साथ ही, आम लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी को इस हुलिए के व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी हो, तो तुरंत स्थानीय पुलिस या आरपीएफ को सूचित करें.
