logo

जामताड़ा में पेड़ के नीचे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पहचान में जुटी पुलिस

jamtara13.jpg

जामताड़ा
जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। काला झरिया के जामुनताड़ गांव के पास एक पेड़ के नीचे पड़े शव की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव काफी पुराना और सड़-गल चुका होने के कारण उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, सुबह गांव के कुछ लोगों ने पेड़ के पास शव देखा और इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद कर्माटांड़ थाना पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण पता लगेगा 
प्राथमिक जांच में मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष के आसपास होने का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शव की हालत खराब होने के कारण पहचान करना चुनौतीपूर्ण है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक ने महंगे और ब्रांडेड कपड़े तथा जूते पहन रखे थे। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि वह किसी संपन्न परिवार से जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस ने इसे केवल प्रारंभिक अनुमान बताया है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

कर्माटांड़ थाना प्रभारी विकास तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से लापता लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही मामले की सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।

 

Tags - Jamtara News Karmatanr Dead Body Found Jharkhand Crime Police Investigation