सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत जायदा पुल के समीप स्थित छठ घाट नदी में रविवार शाम नहाने के दौरान लापता हुए ट्रेलर चालक का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। रांची से पहुंची राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम ने सुबह करीब 9:30 बजे सर्च ऑपरेशन शुरू किया और महज एक घंटे के भीतर लापता चालक का शव बरामद कर लिया। तेज बहाव के कारण शव डूबने वाले स्थान से करीब एक किलोमीटर दूर जायदा मंदिर के सामने मिला। NDRF की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला।
दिल्ली से जमशेदपुर जा रहा था चालक
मृतक की पहचान दिल्ली निवासी करीब 35 वर्षीय शोहरुख खान के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रेलर चालक था। जानकारी के अनुसार, शोहरुख अपने कुछ साथियों के साथ ट्रेलर लेकर दिल्ली से जमशेदपुर जा रहा था। रास्ते में उन्होंने जायदा पुल के पास एक होटल के सामने वाहन खड़ा किया। इसके बाद सभी लोग नदी में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान शोहरुख गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आने से बह गया। साथियों ने घटना की सूचना तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस को दी।
पुलिस और प्रशासन ने चलाया था रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलने के बाद चौका थाना पुलिस और चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में तलाश शुरू की। हालांकि, नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी परेशानी हुई। लगातार बारिश के कारण चांडिल डैम के सात फाटक खोले गए हैं, जिससे नदी में पानी का बहाव काफी तेज हो गया था। इसी वजह से रविवार देर शाम तक लापता चालक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
रिश्तेदार पहुंचे घटनास्थल, दिल्ली में परिजनों को दी गई सूचना
शव मिलने की सूचना के बाद मृतक के दो रिश्तेदार घटनास्थल पर पहुंचे हैं। वहीं, दिल्ली में रह रहे परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि 9 जून को भी सोनारी निवासी प्रेम कुमार नामक युवक का शव इसी स्थान से बरामद किया गया था। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोग नदी में नहाने के दौरान सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।