चाईबासा:
चाईबासा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित रोरो नदी में डूबे 5वीं कक्षा के छात्र 12 वर्षीय गणेश सोय का शव रविवार को 2 दिन बाद बरामद हुआ। छात्र अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था, इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद से पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगातार उसकी तलाश कर रही थी। मृतक गणेश सोय मूल रूप से जगन्नाथपुर प्रखंड के सोसोपी गांव का रहने वाला था। वह चाईबासा के सुफलसाई में रहकर संत जेवियर स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। बताया जाता है कि शनिवार तक काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। रविवार को उसका शव पानी से बाहर आया। पुलिस के अनुसार शव चट्टान में फंस गया था।

मृत बच्चे का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
मुफस्सिल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया हैं। पुलिस के मुताबिक घटना के समय गणेश के दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
रोरो नदी में सुरक्षा व्यवस्था की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रोरो नदी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में डैम और नदी का जलस्तर बढ़ जाता है, इसके बावजूद बड़ी संख्या में युवा और अन्य लोग यहां नहाने पहुंचते हैं। इससे हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से डैम परिसर में चेतावनी बोर्ड लगाने, सुरक्षा इंतजाम करने और लोगों की आवाजाही पर निगरानी रखने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।