जमशेदपुर
बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर हुई करणी सेना सदस्य हिमांशु सिंह की हत्या के बाद हालात अब भी संवेदनशील बने हुए हैं। देर रात प्रशासन की निगरानी में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शव का पोस्टमार्टम कराया गया लेकिन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी मृतक के परिजनों ने शव नहीं लिया। इससे पूरे घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया है।
प्रशासन ने पोस्टमार्टम के दौरान अस्पताल परिसर को सुरक्षा घेरे में रखा। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पूरी कराई गई। इससे पहले मंगलवार देर रात शव को टीएमएच से एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था जहां सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अस्पताल परिसर को पूरी तरह पुलिस निगरानी में रखा गया।
.jpg)
परिजनों का आरोप बिना जानकारी दिए कर दिया पोस्टमॉर्टम
इधर मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पोस्टमार्टम उनकी जानकारी और मौजूदगी के बिना कराया गया। उनका कहना है कि उन्हें न तो समय की सूचना दी गई और न ही प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिला। हालांकि इन आरोपों पर पुलिस या जिला प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हत्याकांड के बाद शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
.jpeg)
डीडी बार की गतिविधियां भी जांच के घेरे में
जांच एजेंसियां अब हत्या के साथ-साथ डबल डाउन बार के संचालन और वहां होने वाली गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही हैं। शुरुआती जांच में यह जानकारी सामने आई है कि बार में लंबे समय से विवाद और अव्यवस्था की शिकायतें मिलती रही थीं। बिष्टुपुर थाना से बेहद कम दूरी पर संचालित इस बार को लेकर स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि पूर्व में मिली शिकायतों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से हालात बिगड़ते गए।

मुख्यमंत्री ने SSP और SP को हटाया
घटना को कानून-व्यवस्था में गंभीर चूक मानते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी को उनके पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। साथ ही कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त, रांची के एडीजी और कोल्हान डीआईजी को जमशेदपुर में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। फिलहाल पुलिस हत्या की पूरी साजिश, घटनाक्रम और बार प्रबंधन की भूमिका सहित सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।