हजारीबाग:
हजारीबाग डबल मर्डर से दहल गया है। यहां 27 मई से लापता सगे भाई-बहन का शव मिला है। 12 साल की तमन्ना परवीन की लाश सिंदूर नदी से मिली है जबकि उसके 3 साल के भाई का शव सिंदूर इलाके में एक कुएं से मिला है। शवों की बरामदगी 12 घंटे के अंतराल पर हुई। दरअसल, रविवार की देर शाम को जिले के कोर्रा थानाक्षेत्र अंतर्गत सिंदूर पंचायत भवन के पास सिंदूर नदी में दशकर्म घाट पर नाबालिग बच्ची का शव मिला। चेहरे पर गहरी चोट के निशान थे। आशंका जताई गई कि हत्यारे ने पहचान छुपाने के इरादे से चेहरे को नुकसान पहुंचाया है। एक चरवाहे ने सबसे पहले शव देखा और स्थानीय पंचायत समिति सदस्य नीलम देवी के घरवालों को जानकारी दी।

पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
कोर्रा थाना पुलिस को शव मिलने की सूचना दी गई। पुलिस ने मृतका की पहचान तमन्ना परवीन के रूप में की। इसके 12 घंटे बाद तमन्ना के 3 साल के भाई का शव कुएं में मिला। पुलिस ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराने के बाद भाई-बहन का शव परिजनों को सौंप दिया।
सगे भाई बहन के कत्ल से आक्रोशित लोगों ने झंडा चौक के पास सड़क जाम कर दिया। लोग जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण भाई-बहन की हत्या हुई है। उनका आरोप है कि गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने के बाद भी पुलिस ने तत्काल एक्शन नहीं लिया। कार्रवाई में देरी की वजह से ये अनहोनी हो गई।

एसपी अमन कुमार के निर्देश पर बनी SIT
वारदात पर डीएसपी मुख्यालय, ज्ञान रंजन ने बताया कि घटना की जांच जारी है। बहुत जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। गौरतलब है कि बीते 27 मई को भाई-बहन लापता हो गए थे। पिता ने कटकमदाग थाने में लिखित आवेदन तक प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एसपी अमन कुमार के निर्देश पर एसआईटी बनी थी, जो पूरे मामले की जांच में जुटी है।

यूपी का रहने वाला है पीड़ित परिवार
पीड़ित परिवार यूपी का रहने वाला है। हजारीबाग में खिलौने बेचकर गुजर-बसर करता है। सगे भाई-बहन की हत्या के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही सदर विधायक प्रदीप प्रसाद झंडा चौक पहुंचे और प्रशासन से पूरे मामले की गहन जांच की मांग की। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की भी मांग की।
कांडों का उद्भेदन पुलिस की बड़ी चुनौती
हजारीबाग पुलिस के लिए सगे भाई बहन की मौत बड़ी चुनौती बन गई है। दरअशल, पिछले दिनों ट्रिपल मर्डर केस का खुलासा नहीं हो पाया है। अब डबल मर्डर की घटना ने मुश्किल बढ़ा दी है। पुलिस के सामने उक्त कांडों का खुलासा करना बड़ी चुनौती बन गया है।