द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख सविता देवी, बीडीओ दिनेश कुमार, विधायक प्रतिनिधि संजीव उरांव, चिकित्सा प्रभारी डॉ. अरविंद कुशल एक्का सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। स्वास्थ्य शिविर में प्रखंड क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर में स्वास्थ्य जांच से संबंधित कई स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों की सामान्य रोग जांच, रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), शुगर, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सहित अन्य बीमारियों की जांच की गई। जांच के उपरांत मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख सविता देवी ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के पास बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से गरीब और जरूरतमंद लोगों को समय पर जांच एवं इलाज की सुविधा मिलती है। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

बीडीओ दिनेश कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों का लाभ आम जनता तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं विधायक प्रतिनिधि संजीव उरांव ने स्वास्थ्य शिविर को ग्रामीणों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों, एएनएम, सहिया, सहिया साथी, बीटीटी एवं अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिविर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। मौके पर डॉ. फरजाना इमाम, ज्ञान रंजन, बबीता देवी, सीमा देवी, अमित कुमार प्रसाद, लक्ष्मण गोप, पारस साहू, विनय ठाकुर, हेमंती देवी, पूनम देवी, संजोती देवी सहित कई चिकित्सक, सीएचओ, एएनएम, सहिया, सहिया साथी तथा ग्रामीण महिला एवं पुरुष उपस्थित थे।
