द फॉलोअप डेस्क
रांची के कांके रोड स्थित ब्रह्मचारी नगर में शनिवार को ब्लिंकिट के राइडर्स अपनी अलग-अलग मांगों को लेकर हड़ताल पर उतर आए। राइडर्स ने कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से पेआउट बढ़ाने और काम के समय में सुधार की मांग कर रहे हैं। उनका दावा है कि इस संबंध में कई बार Fleet Coach से बातचीत भी की गई, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई। राइडर्स ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

भुगतान में कटौती से प्रभावित हुई आमदनी
प्रदर्शन कर रहे डिलीवरी पार्टनर्स का आरोप है कि कंपनी की नई भुगतान व्यवस्था और एरिया बदलाव के कारण उनकी आमदनी में काफी कमी आई है। उनका कहना है कि पहले की तुलना में अब प्रति डिलीवरी मिलने वाला भुगतान घट गया है, जबकि पेट्रोल और रोजमर्रा के खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। राइडर्स का कहना है कि मौजूदा स्थिति में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से पेआउट कटौती और एरिया बदलाव के फैसले पर पुनर्विचार कर जल्द समाधान निकालने की मांग की है।