logo

जामताड़ा के सालगाडीह गांव में 24 घंटे से ब्लैकआउट, बिजली विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

a1238.jpg

​जामताड़ा:
नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत सालगाडीह गांव में पिछले 24 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। ब्लैकआउट के कारण पूरा गांव अंधेरे में डूब गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ आसमान से बरसती भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है, तो दूसरी तरफ बिजली न होने से स्थिति बद से बदतर हो गई है। पेय जल से लेकर मोबाइल चार्जिंग तक के लिए लोग परेशान हैं।

बिजली मिस्त्री ने फोन उठाना बंद कर दिया
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली गुल होने के तुरंत बाद विभागीय मिस्त्री कुतुबुद्दीन अंसारी को बार-बार फोन किया गया,  लेकिन उन्होंने जिम्मेदारी निभाने के बजाय फोन उठाना ही बंद कर दिया। मिस्त्री के इस अड़ियल रवैये और गांव आकर फाल्ट की जांच न करने से स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।

​अधिकारियों की उदासीनता से बढ़े परेशान
​गांव के मुखिया मुनिलाल मरांडी के नेतृत्व में सुभाष महतो, बिनोद कुमार, रणजीत गुप्ता, मनोज, तूफानी महतो, योगेश कुमार साव और राजकुमार महतो समेत दर्जनों ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बताया कि बिजली बहाली के लिए विभाग के कई आला अधिकारियों से संपर्क साधने की कोशिश की गई, लेकिन कहीं से भी कोई संतोषजनक जवाब या मदद नहीं मिली। अधिकारियों की इस उदासीनता के कारण ग्रामीणों को पूरी रात लालटेन और मोमबत्ती के सहारे अंधेरे में काटनी पड़ी।

​जल्द विद्युत बहाली का मिला आश्वासन
​जब इस गंभीर समस्या को लेकर कनिष्ठ अभियंता (JE) रफीक से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि रविवार को क्षेत्र में आई तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) के कारण मुख्य सप्लाई लाइन कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने माना कि मरम्मत में देरी हुई है और कहा, "यदि संबंधित मिस्त्री अब तक गांव नहीं पहुंचा है, तो उसे तुरंत मौके पर भेजा जा रहा है। फाल्ट को जल्द से जल्द ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।"

​दावों की खुली पोल, आंदोलन की चेतावनी
​गौरतलब है कि हाल ही में भगा बांध स्थित 132/33 केवी पावर ग्रिड की शुरुआत को क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया गया था। तब दावा किया गया था कि अब इलाके को ट्रिपिंग और अघोषित बिजली कटौती से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। लेकिन सालगाड़ीह गांव के इन हालातों ने बिजली विभाग के बड़े-बड़े दावों की पोल खोलकर रख दी है। आक्रोशित ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही गांव की बिजली चालू नहीं की गई, तो वे विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Tags - Jharkhand NewsJamtara NewsElectricity CrisisElectricity NewsJharkhand Update