द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की मिली शिकायत पर एक व्यवसायी को रंगे हाथ पकड़ा है. इसके बाद तत्काल उसकी दूकान में ताला भी जड़ दिया. जानकारी के अनुसार, व्यवसायी घरेलू गैस सिलेंडर को अवैध स्रोतों से प्राप्त कर 2700 रुपए में बेच रहा था. दरअसल एसडीएम को व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति लोगों को 2700 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रहा है. सूचना मिलते ही लोकेशन एवं अन्य विवरण प्राप्त किया और मात्र 10 मिनट के भीतर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राहुल मिंज के साथ मौके पर पहुंच गए. जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर दुकान को अगले आदेश तक बंद करवा दिया गया.
बता दें व्यवसायी मेन रोड स्थित विजय कश्यप के मकान में किराए पर किचन पार्ट्स एवं गैस चूल्हे की दुकान संचालित करता है और उसी भवन के पीछे वाले हिस्से में बने बेसमेंट में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण लंबे समय से करता आ रहा है. अनुमंडल पदाधिकारी ने मौके पर मकान मालिक और अवैध गैस कारोबारी से पूछताछ करते हुए लिखित पक्ष मांगा. उन्होंने कहा कि इस अवैध नेटवर्क की सभी अन्य कड़ियों, दोषी एजेंसी को भी ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है, इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घनी आबादी के बीच अवैध रूप से गैस सिलेंडर रखने की अनुमति देने के कारण मकान मालिक की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी.
