द फॉलोअप डेस्क
भाजुयमो के कार्यकर्ताओं को तमाड़ के पास पुलिस ने रोक दिया है। इसके बाद नाराज कार्यकर्ता वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए और राज्य सरकार तथा जेपीएससी के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। कार्यकर्ता तानाशाही नहीं चलेगी जेपीएससी मुर्दाबाद और युवाओं के साथ अन्याय बंद करो जैसे नारे लगा रहे हैं। दरअसल, आज रांची जेपीएससी कार्यालय का घेराव प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता और भाजपा समर्थक रांची पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में तमाड़ के पास पुलिस ने कार्यकर्ताओं के जत्थे को आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि सरकार लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने से भी रोक रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल कार्यकर्ता धरने पर डटे हुए हैं और रांची जाने देने की मांग कर रहे हैं।
