logo

बैरिकेडिंग तोड़ JPSC कार्यालय पहुंचे भाजयुमो कार्यकर्ता, घेराव के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की

रपोल.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को लेकर राजधानी रांची में बुधवार को माहौल गरमा गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के हजारों कार्यकर्ता JPSC कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। पहले से तैनात पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए कई स्तर की बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ने का प्रयास किया और JPSC कार्यालय तक पहुंच गए। इस दौरान कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।


परिणाम रद्द करने और निष्पक्ष जांच की मांग
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए प्रारंभिक परीक्षा परिणाम रद्द करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सरकार और आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका
स्थिति को देखते हुए JPSC कार्यालय और आसपास के क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल, रैपिड एक्शन टीम और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, हालांकि पुलिस ने हालात को नियंत्रित रखा। उल्लेखनीय है कि JPSC परिणाम को लेकर पिछले कई दिनों से अभ्यर्थियों और विभिन्न संगठनों का विरोध जारी है। इसी क्रम में भाजयुमो ने आज JPSC कार्यालय घेराव का आह्वान किया था, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।