logo

JSSC–JPSC परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ बोकारो में BJYM का प्रदर्शन, जांच की मांग

Screenshot_2026-08-02_122116.jpg

बोकारो
झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी एवं अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की बोकारो जिला इकाई शनिवार को सड़क पर उतरी। जिला अध्यक्ष विनोद कुमार महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया और झारखंड के राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपकर विभिन्न मांगें रखीं।
भाजयुमो ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और परीक्षा माफिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजयुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में पिछले कुछ वर्षों में आयोजित जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठे हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।
युवाओं के भविष्य के साथ किसी प्रकार का खेलवाड़ नहीं किया जाएगा 
ज्ञापन में 14वीं जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले में तत्कालीन अध्यक्ष एल. ख्यांगते के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की गई। साथ ही आयोग के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई गई। इसके अलावा उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ परीक्षा के दौरान जान गंवाने वाले अभ्यर्थियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी की गई। प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष होनी चाहिए।
 

Tags - Bokaro BJYM JPSC JSSC Jharkhand Politics