द फॉलोअप डेस्क
अब तक सोशल मीडिया का इस्तेमाल चुनावों में भाजपा बखूबी करती रही है। 2024 में होने वाले आम चुनाव में भी अभी करीब एक साल का वक्त है। मगर अभी से ही सोशल मीडिया के सहारे फिर से सत्ता में वापसी का प्लेटफॉर्म तैयार करने में भाजपा जुट गई है। इसके तहत ही भाजपा सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के साथ बातचीत भी करने जा रही है। 4 जून को झारखंड भाजपा सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के साथ एक बैठक करेगी। इस बैठक में उनको बुलाया गया है जो पार्टी के कार्यकर्ता या पदाधिकारी नहीं है। बल्कि, अपने जिलों में सोशल मीडिया पर लोगों को इंफ्लुएंसर करते हैं यानी उनके पोरूट को ज्यादा से ज्यादा लोग पसंद करते हैं।

जीवन में डिजिटल के बढ़े दखल को फिर भुनाएगी भाजपा
आजकल सोशल मीडिया और इंटरनेट की तरफ रुझान बढ़ा है। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर वो लोग होते हैं, जो अपनी रणनीति बनाकर कई तरह के कंटेंट पब्लिश करते हैं। इस कारण सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लगातार फॉलोवर्स बढ़ते रहते हैं। यही वजह है कि भाजपा सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मीट करेगी। दरअसल जीवन में डिजिटल के बढ़े दखल को भाजपा फिर से भुनाएगी। क्योंकि, सोशल मीडिया से सबसे ज्यादा युवा वर्ग जुड़े रहते हैं। अब तो गांवों में भी लोग सोशल मीडिया के जरिए सूचना प्राप्त कर रहे हैं। इसलिए चुनाव में सोशल मीडिया का उपयोग बड़े चुनावी हथियार के रूप में इस्तेमाल करेगी।

मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर चल रहा अभियान
मोदी सरकार के 9 साल पूरे हो गए हैं। इसको लेकर ही झारखंड भाजपा 1 महीने के कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। यह जानकारी बुधवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन कर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने दी। उन्होंने कहा कि देश की अब तक की सबसे लोकप्रिय मोदी सरकार ने भारत को स्वावलंबी बनाया है। प्रधानमंत्री ने 141 करोड़ भारतीय नागरिकों के साथ प्रवासी भारतीयों की भी चिंता की है. विश्व के पटल पर भारत को मजबूती से खड़ा किया है। इस दौरान उन्होंने एक महीने तक चलने वाले अभियान के तहत किए जाने वाले कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। बताते चलें कि झारखंड भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने के लिए जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। बताते चलें कि 30 मई से 30 जून 2023 तक चलने वाले अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें।

महासंपर्क अभियान में इन कार्यक्रमों का होगा आयोजन
- 2 और 3 जून- सभी विधानसभा क्षेत्र में विकास तीर्थ यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
- 4 जून - सोशल मीडिया इनफ्लुएंस मीट का आयोजन होगा।
- 5-6 और 19-20 जून- विधानसभा स्तर पर लाभार्थी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
- 7 और 8 जून- भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ होगी परिचर्चा
- 10 और 11 जून- लोकसभा स्तर पर विशाल जनसभा का होगा आयोजन, प्रदेश के सभी बड़े नेता होंगे शामिल।
- 12 से 15 जून- पार्टी के सभी 7 मोर्चों का संयुक्त सम्मेलन किया जाएगा।
- 16 से 18 जून- लोकसभा स्तर पर व्यापारी सम्मेलन का आयोजन होगा।
- 20 से 30 जून- घर-घर संपर्क अभियान में 65 लाख घरों तक पहुंचना है।
- 1 से 22 जून- हर लोकसभा क्षेत्र में 1000 से 1200 विशिष्ट परिवारों से भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता मिलेंगे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N