logo

नरेंद्र मोदी के तीसरी बार PM बनने पर BJP मंडलों में मनायेगी उत्सव, बाबूलाल ने दिये निर्देश  

MODI044.jpg

रांची 

नरेंद्र मोदी के तीसरी बार पीएम बनने पर बीजेपी सभी मंडलों में उत्सव मनायेगी। बता दें कि मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारी अंतिम चरण में है। पूरे देश से नव निर्वाचित सांसद गण दिल्ली पहुंच रहे हैं। साथ ही सभी प्रदेशों से पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, जिलों के अध्यक्ष, प्रभारी, लोकसभा, विधानसभा क्षेत्र के संयोजक, प्रभारी सहित हजारों कार्यकर्ता 9 जून को तीसरी बार मोदी सरकार के भव्य शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बनेंगे।

झारखंड की जनता ने एनडीए के पक्ष में जनादेश दिया

इधर प्रदेश बीजेपी ने झारखंड के सभी सांगठनिक मंडलों में शपथ ग्रहण के अवसर पर उत्सव मनाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने सभी मंडलों में आवश्यक दिशा निर्देश दे दिए हैं। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड की जनता ने एनडीए के पक्ष में जनादेश दिया है। कार्यकर्ताओं ने तीसरी बार मोदी सरकार बनाने का संकल्प लिया था जो साकार हो रहा है। कहा कि प्रदेश से भी कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भ्रष्ट, निकम्मी और तुष्टिकरण में आकंठ डूबी ठगबंधन सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। जनता विधानसभा चुनाव का बेसब्री से इंतज़ार कर रही है।

सीएम पर किया कटाक्ष

एक अन्य मुलाकात में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मरांडी ने कहा कि आलमगीर आलम के भ्रष्टाचार उजागर होने के बावजूद सीएम चंपाई सोरेन उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। इस आरोप के साथ मरांडी ने सीएम चंपाई सोरेन पर बड़ा हमला बोला। कहा कि झारखंड ने चंपाई सोरेन जैसा रीढ़विहीन मुख्यमंत्री आज तक नहीं देखा। कहा कि कठपुतली मुख्यमंत्री ने आलमगीर आलम के दायित्व वाले विभाग वापस लिए हैं लेकिन मंत्री पद से नहीं हटाया है।

Tags - Narendra ModiPrime MinisterBabulal marandiJharkhand News