logo

राष्ट्रपति चुनाव : झामुमो ने NDA प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का किया ऐलान, BJP बोली- देर आये दुरुस्त आये

a711.jpg

डेस्क: 

आखिरकार झारखंड मुक्ति मोर्चा (Jharkhand Mukti Morcha) ने 18 जुलाई को होने जा रहे राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (NDA Candidate Draupadi Murmu) का समर्थन करने का फैसला किया है। झामुमो की सेंट्रल कमिटी द्वारा जारी पत्र में पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों को द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करने का निर्देश दिया गया है।

झामुमो का कहना है कि चूंकि, देश में पहली बार कोई आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनने जा रही है इसलिए काफी विचार करने के बाद पार्टी ने द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का फैसला किया है। 

बाबूलाल मरांडी ने बताया अच्छा फैसला
राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने के झामुमो के फैसले का झारखंड बीजेपी के कई नेताओं ने स्वागत किया है। बीजेपी विधायक दल के नेता और राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी (Babulal Marandi) ने झामुमो के फैसले का स्वागत किया है। बाबूलाल मरांडी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर पर लिखा कि आदिवासी अस्मिता और गौरव को प्रतिष्ठित करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा के द्वारा देर से ही सही एनडीए की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू जी को समर्थन देने की घोषणा देशहित में है। अगर ये निर्णय बिना विलंब पहले से लिया जाता तो संपूर्ण देश में एक अच्छा संदेश जाता। 

 

दीपक प्रकाश ने फैसले का स्वागत किया
झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश (Deepak Prakash) ने अपने ऑफिशियल ट्विटर पर लिखा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार को अपना समर्थन देने की घोषणा स्वागतयोग्य है। साथ ही मुजे पूर्ण विश्वास है कि झारखंड के अन्य सभी राजनीतिक दल और निर्दलीय भी राष्ट्रहित में अपना मत देश की पहली आदिवासी महिला प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को ही देंगे।