logo

4 नवंबर को हजारीबाग में BJP की पदयात्रा, बाबूलाल मरांडी बोले- कांग्रेस फैला रही अराजकता

4 नवंबर को हजारीबाग में BJP की पदयात्रा, बाबूलाल मरांडी बोले- कांग्रेस फैला रही अराजकता

हजारीबाग: 
Hazaribagh News:
भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान शुरू किया गया है। इसी अभियान के तहत हजारीबाग में 4 नवंबर को पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। हजारीबाग पहुंचे झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इसकी जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का उद्देश्य देश में अराजकता की स्थिति पैदा करना है।

राहुल गांधी पर साधा निशाना
बाबूलाल मरांडी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस जो भी बातें करते हैं, उनका कोई आधार नहीं होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में भ्रम और अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है। मरांडी ने राहुल गांधी के मानसिक संतुलन पर भी टिप्पणी की और कहा कि कांग्रेस को खुद को बचाना है, तो राहुल गांधी का इलाज करवाना होगा। उन्होंने दावा किया कि हाल के चुनावों में जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है।

चुनाव आयोग पर आरोप लगाने को लेकर कांग्रेस को घेरा
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस लगातार ईवीएम हैक होने की बात करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत निर्वाचन आयोग जैसे स्वतंत्र निकाय पर कांग्रेस गंभीर आरोप लगाती है, लेकिन इस संबंध में आवेदन तक नहीं देती। मरांडी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता से बाहर होने के बाद से देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर ‘दिमागी नक्सली’ होने का आरोप भी लगाया।

गिरिडीह चुनाव को लेकर BJP की तैयारी पर कही ये बात
बाबूलाल मरांडी ने गिरिडीह चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की तैयारी सालभर चलती है। चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही पार्टी अपनी बात जनता के सामने रखेगी। वहीं, आजसू के चुनाव लड़ने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर बैठकर बातचीत की जाएगी।

झारखंड की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की कानून-व्यवस्था को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने में विफल साबित हुई है। उनके मुताबिक, राज्य के हर जिले में अपराध का ग्राफ बढ़ा है और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।

Tags - Babulal MarandiHazaribagh PadyatraBJP JharkhandRahul GandhiJharkhand News