द फॉलोअप डेस्क
नगर निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की बड़ी जीत के बाद पार्टी ने नव निर्वाचित जन प्रतिनिधियों को सम्मानित करने का कार्यक्रम तय किया है। बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 8 मार्च को रांची के बोड़ेया रोड स्थित गीतांजलि बैंक्वेट हॉल में प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू की अध्यक्षता में भव्य सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि राज्य के सभी 48 नगर निकाय में भाजपा के समर्थन और भाजपा विचारों के आधार पर समाज की सेवा से जुड़े महापौर, अध्यक्ष और पार्षद बड़ी संख्या में जीत कर आए हैं। वहीं राकेश प्रसाद ने आगे कहा कि राज्य सरकार के लगातार तिकड़म, पुलिस प्रशासन के दबाव और दुरुपयोग के बावजूद नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत हुई है। इस कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता सांसद अरुण सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी सहित कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
